खोड़ारे। अपने अपहरण की झूठी कहानी रचकर भाइयों से 10 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में अपहरण की सूचना फर्जी पाई गई। पुलिस ने युवक और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है।
चिवटहवा निवासी सुनील ने मंगलवार शाम छह बजे यूपी 112 पर सूचना दी कि उनके भाई शिवम का अपहरण कर लिया गया है। उसे जान से मारकर गन्ने के खेत में फेंक दिया गया है। सुनील ने पुलिस को मोबाइल पर आया मेसेज भी दिखाया। इसमें उधार लिए रुपये वापस नहीं करने पर घटना को अंजाम देने की बात लिखी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी 112 की टीम ने खोड़ारे पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। जिस मोबाइल से मेसेज आया था, उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इस आधार पर राघव बस्ती के पास सड़क से एक किलोमीटर अंदर गन्ने के खेत में शिवम बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस उसे सीएचसी बभनजोत ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद होश आने पर थाने लाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान शिवम के दो दोस्तों राहुल निवासी पिपरा इस्माइल और मासूम रजा निवासी जलालपुर के नाम सामने आए। राहुल ममेरे भाई बताया गया है। पुलिस ने राहुल व मासूम रजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो अपहरण की कहानी फर्जी निकली। युवकों ने बताया कि उन्होंने योजना बनाकर परिवार से 10 हजार रुपये मांगने की साजिश रची थी। इस रकम को मौज-मस्ती और घूमने-फिरने में खर्च करना था। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि जांच में अपहरण की सूचना पूरी तरह फर्जी पाई गई है। सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी शिवम, राहुल व मासूम रजा को गिरफ्तार किया गया है।