गोंडा के कटरा शिवदयालगंज से पैदल अयोध्या जाते श्रद्धालु। - संवाद
नवाबगंज/गोंडा। अवधपुरी में इन दिनों आस्था का ज्वार उमड़ पड़ा है। रामनगरी जाने वाले श्रद्धालुओं से कटरा शिवदयालगंज पटा पड़ा है। बीते 24 घंटे में गोंडा के रास्ते एक लाख से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।
कटरा शिवदयालगंज तिराहे पर शनिवार को भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दोपहिया वाहनों से आने वालों को पुलिसकर्मी वापस लौटाते रहे। लोगों को सिर्फ पैदल ही रामनगरी की तरफ जाने दिया जा रहा है। नवाबगंज इंस्पेक्टर निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि सुबह पांच बजे से दस बजे तक दोपहिया वाहनों को पुराने सरयू पुल से आने-जाने की छूट दी गई थी। करीब दस बजे अयोध्या में भीड़ बढ़ने पर पुराने सरयू पुल से दोपहिया वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। श्रद्धालुओं को पैदल जाने दिया जा रहा है। भीड़ के हिसाब से दो-दो घंटे में श्रद्धालुओं के जत्थे रवाना किए जा रहे हैं।
अयोध्या में वाहनों के प्रवेश पर रोक से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग श्रद्धालुओं को झेलनी पड़ रही है। कटरा शिवदयालगंज से ही वाहन रोक दिए जाने से उन्हें पैदल ही रामनगरी जाना पड़ रहा है। बहराइच के विशेश्वरगंज के कुरसहा के रहने वाले बुजुर्ग श्रीनाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार सुबह रोडवेज बस से गोंडा पहुंचे। वहां कुछ देर रुकने के बाद कटरा शिवदयालगंज में ही बस वाले ने उतार दिया। बताया कि यहां से ई रिक्शा मिल जाएगा। बैरियर पर पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने कहा, दादा अयोध्या में कोई भी वाहन नहीं जा सकता। पैदल ही जाना होगा। ऐसे में मन में प्रभु श्रीराम के दर्शन की अभिलाषा लिए पैदल ही आगे बढ़ रहे हैं।
इनसेट
दो पार्किंग भर गईं तो बड़े पुल के रास्ते भेजे गए वाहन
अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। रामनगरी की सीमा पर गोंडा में दुर्गागंज माझा गांव के पास अयोध्या मार्ग के किनारे प्रशासन ने तीन जगह पार्किंग बनाई हैं। शनिवार सुबह इस कदर भीड़ उमड़ी की 10 बजे तक दो पार्किंग वाहनों से भर गईं। तीसरी पार्किंग में भी अधिकांश जगह वाहनों से भर गई। इस पर पुलिस ने इधर आने वाले वाहनों को अयोध्या के बड़े पुल के रास्ते रवाना किया।
लखनऊ के रास्ते महाकुंभ भेजी गईं 15 बसें
महाकुंभ से लौटे श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते अयोध्या में वाहनों की लंबी कतार से जाम लगा है। वाहन रेंगते हुए निकल रहे हैं। ऐसे में परिवहन निगम प्रशासन ने गोंडा से 15 बसें लखनऊ के रास्ते महाकुंभ भेजी हैं। सिर्फ दो बसें ही अयोध्या के रास्ते गई हैं, जो सुल्तानपुर के कटका में जाम में फंसी हैं। एआरएम कपिलदेव ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रयागराज गई बसों में से आठ लौट आई हैं।