गोंडा के केंद्रीय विद्यालय रेल परिसर में परीक्षा देकर बाहर निकलते विद्यार्थी। -संवाद
बड़गांव(गोंडा)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा शनिवार को कड़ी चौकसी के बीच शुरू हुई। पहले दिन हाईस्कूल के छात्रों की अंग्रेजी और इंटर में एंटरप्रेन्योरशिप परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा देकर बाहर लौटे छात्रों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। प्रश्नपत्र थोड़ा लंबा जरूर था, लेकिन आसान था।
केंद्रीय विद्यालय के बाहर परीक्षा देकर बाहर निकले हाईस्कूल के अनिमेश शुक्ला, अनय, अदम्य श्रीवास्तव, आदित्य, असील उस्मानी, अनामिका अग्रवाल, आराध्या मिश्रा, एंजल जैसवाल का कहना था कि पहले तो डर था। पेपर कैसा होगा, इसको लेकर तनाव था। लेकिन, जब पेपर सामने आया तो सब कुछ आसान सा लगा। कहा कि प्रश्न पत्र न केवल अपेक्षा से सरल था, बल्कि इसमें पूछे गए प्रश्न भी स्पष्ट और सीधे थे। ग्रामर के प्रश्न भी सहज थे, जिससे उन्हें उत्तर देने में कोई कठिनाई नहीं हुई। पेपर आसान देख छात्रों के चेहरे खिले खिले नजर आए।
परीक्षा जिले के आठ केंद्राें पर कराई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चंद्र ने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई गई। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में हुई।