गोंडा। शहर में महराजगंज से कर्बला मार्ग को जोड़ने वाली जर्जर सड़क का निर्माण 33 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। नगर पालिका परिषद ने इसके लिए बजट को स्वीकृति दे दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
करीब पांच वर्ष से इस मार्ग की हालत खराब होने के कारण आसपास के चार मोहल्ले के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खराब होने से बरसात के समय कीचड़ और जलभराव की समस्या और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने कई बार सड़क निर्माण की मांग उठाई थी।
नगर पालिका परिषद की अवर अभियंता (सिविल) निशा त्रिपाठी ने बताया कि 33 लाख रुपये के बजट की स्वीकृति मिली है। टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करके सीसी रोड का निर्माण शुरू कराया जाएगा। सड़क बनने से महराजगंज, राजा मोहल्ला, पटेल नगर घोसियाना और सरकुलर रोड की करीब 30 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी और यातायात भी सुगम हो जाएगा। (संवाद)