खोंडारे (गोंडा)। बभनजोत ब्लॉक के प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 लाभार्थियों के प्रथम 4.40 लाख रुपये झारखंड प्रदेश के लोगों के खाते में ट्रांसफर हो गया। दूसरे प्रदेश के बैंक खातों में आवास का बजट चले जाने से बभनजोत ब्लॉक के 12 लाभार्थी तीन सालों से भटक रहे हैं। उन्हें अभी तक योजना की पहली किश्त नहीं मिल पाई है। लंबी पड़ताल के बाद झारखंड प्रदेश के लोगों के बैंक खातों में बजट जमा हो जाने की जानकारी होने पर अब उसे वापस लेने के लिए लिखापढ़ी हो रही है।
बभनजोत ब्लॉक के प्रधानमंत्री आवास के 12 लाभार्थी तीन सालों से ब्लॉक का चक्कर काट रहे हैं। गांव के गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चल रही है। बभनजोत के आधा दर्जन से ज्यादा गांव के 12 लाभार्थियों का पैसा विभागीय लापरवाही के चलते लाभार्थियों के खाते में ना पहुंचकर झारखंड के अलग-अलग लोगों के खातों में भेज दिया गया। लाभार्थियों का चयन वर्ष 2017-18 में बभनजोत के हाजीजोत निवासी नैना देवी, घारीघाट की सावित्री देवी, महुआ पाकर के मनीराम, बनारसी, केशव नगर गांट की अनारा देवी, मीरा देवी ज्ञानमती, बस्ती खास की माया देवी, अलाउद्दीन पुर के राम मिलन, शाशिवाला, बकवा कि नाजो खातून, कमलावती को प्रधानमंत्री आवास योजना में चयन हुआ था।
इन सभी लाभार्थियों को आवास बनाने के लिए पहली किश्त आनलाइन खातों में ट्रांसफर होना था। पहली किश्त के लिए 40-40 हजार रुपये का बजट 12 लाभार्थियों के खातों में भेजने के बजाए दूसरे खातों में भेज दिया गया। अब छानबीन के बाद यह बात सामने आई है कि पहली किश्त झारखंड के लोगों के खातों में बजट चला गया है। इससे चूक मानी जा रही है और बजट वापसी के लिए अब प्रयास शुरू हुआ है।
खातों की फीडिंग में खेल या फिर हुई बड़ी चूक
प्रधानमंत्री आवास योजना का बजट जिले के लाभार्थियों के खातों में भेजने के बाद झारखंड प्रदेश के लोगों के खातों में भेजने की बात को लेकर तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लाभार्थी तो ब्लाक का चक्कर काट-काटकर थक गए हैं। उन्हें दो सालों से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। अभी तक बजट वापस उनके खातों में नही गया है। इसके पीछे लाभार्थियों के खातों के नंबरों की फीडिंग में खेल है कि वास्तव में कोई चूक है, इसे लेकर हंगामा मचा है। फिलहाल एक दूसरे को बचाने के लिए लोग लीपापोती में जुटे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के बजट का पैसा गलत खातों में पोस्ट हो गया है। पूरी जानकारी की गई है और बजट वापसी के लिए लिखापढ़ी की जा रही है। अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के साथ ही बैंक से भी बातचीत हो रही है। जल्द ही लाभार्थियों के खातों में बजट वापस हो जाएगा। -पन्नालाल, खंड विकास अधिकारी