गोंडा में दुकान पर आभूषण पसंद करते लोग। - संवाद
गोंडा। सोने-चांदी के दाम लगातार बढ़ने के बावजूद बाजार पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। ग्राहक सामान्य रूप से सोने-चांदी के गहने खरीद रहे हैं। आगामी सहालग के लिए भी बुकिंग करा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता की वजह से सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
रविवार को छुट्टी के दिन भी बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। सराफा की दुकानों पर भी लोग खरीदारी करते रहे। रविवार को सोने का भाव 1,09,000 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 1,24,000 रुपये प्रति किलो रहा। कारोबारियों का मानना है कि सहालग व आगामी त्योहारों को देखते हुए सोने के दाम साल के अंत तक और बढ़ सकते हैं। सराफा कारोबारी शिवकुमार सोनी का कहना है कि सोने के बढ़ते भाव को देखते हुए व्यापारी उसी अनुसार तैयारी कर रहे हैं। सहालग में कीमतें और बढ़ने की आशंका के चलते ग्राहक अभी से खरीदारी कर रहे हैं। जिन लोगों ने शादी तय कर रखी है, वह अभी से गहनों की बुकिंग करा रहे हैं। शिवकुमार के मुताबिक एक-दो महीने में कीमतें और बढ़ेंगी।
सराफा व्यापारी आनंद स्वरूप भारद्वाज का कहना है कि जनवरी से जून तक सोने व चांदी की खूब बिक्री हुई। सोना महंगा होने के बावजूद ग्राहक इसे निवेश के लिहाज से सबसे सुरक्षित मान रहे हैं। इस वजह से सोने के सिक्के खरीदने का चलन भी बढ़ा है। चांदी को भी निवेश के लिए सुरक्षित माना जा रहा है।