गोंडा। दो घरों पर चोरों ने धावा बोलकर 10 हजार रुपये की नकदी सहित तकरीबन ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर ओर दो मोबाइल पार कर दिये। पीड़ितों ने थाने पर तहरीर दी है।
ग्राम पुरैना, पूरे हिमांचल निवासी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि रविवार रात पीछे की गली से छत पर चढ़कर घर में चोर घुस आए और जिस कमरे में परिवार के लोग सो रहे थे, उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। दूसरे कमरे में कुंडी काटकर घुसे चोर दो संदूक उठाकर बगल के एक बाग में ले गए। वहां संदूक का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं। इसी गांव में ऊषा सिंह के घर भी चोरी हुई है। उन्होंने बताया रविवार रात बल्ली लगाकर दीवार के सहारे घर में उतरे चोर एक अटैची व चार संदूक उठा ले गए। जिसे पास के बाग में तोड़ डाला और कीमती सामान चुरा ले गए। ऊषा ने बताया कि 10 हजार रुपये नकदी व करीब 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी हुए हैं।