गोंडा। शहर के बलरामपुर रोड के समीप स्थित इंद्रापुर गांव में मंगलवार तड़के लग्जरी गाड़ियों से आए कुछ दबंगों ने एक ग्रामीण का मकान जेसीबी से गिरा दिया। गांव के लोगों ने विरोध किया तो दबंगों ने मकान मालिक को अपशब्द कहते हुए धमकी दी।
इसके बाद मकान में रखे जरूरी अभिलेख व जेसीबी लेकर दबंग फरार हो गए। मामले में मकान मालिक ने कोतवाली नगर में एक युवक को नामजद करते हुए चार अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना मोतीगंज क्षेत्र के गोविंदपारा निवासी अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्होंने शहर के बलरामपुर रोड के समीप स्थित इंद्रापुर गांव में अपनी जमीन पर एक कमरे के मकान का निर्माण कराया था।
जिसमें घरेलू सामान के साथ जरूरी अभिलेख रखे थे। अरविंद के मुताबिक मंगलवार की तड़के अचानक जेसीबी की आवाज सुुनकर गांव के लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि जेसीबी से उनका मकान ढहाया जा रहा था। लग्जरी गाड़ियों से आए कुछ दबंग अपनी मौजूदगी में मकान गिरवा रहे थे।
गांव के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो दबंगों ने मकान मालिक को अपशब्द कहते हुए धमकी दी और मकान के अंदर रखी एक डायरी के साथ ही जरूरी अभिलेख व जेसीबी लेकर फरार हो गए। मामले में अरविंद कुमार मिश्र ने कोतवाली नगर में एक युवक को नामजद करते हुए चार अन्य के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने बताया कि तहरीर मिली है, दोनों पक्ष के लोग भूमि पर अपना दावा कर रहे हैं। दोनों पक्षों को भूमि के कागजात के साथ बुुलाया गया है। जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।