नवाबगंज/गोंडा। भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने नोएडा में मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा मजदूरी बेहद कम है। इसमें मजदूरों का गुजारा करना मुश्किल हो जाता है।
नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 14 दिवसीय थारू जनजाति व्यक्तित्व विकास और शारीरिक प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर उन्होंने कहा कि गांव छोड़कर शहरों में काम करने वाले मजदूरों को 11-12 हजार रुपये मासिक मिलते हैं। इसमें से तीन-चार हजार रुपये किराये और लगभग इतनी ही राशि भोजन पर खर्च हो जाती है। ऐसे में उनके पास बहुत कम पैसे बचते हैं। परिवार में किसी के बीमार पड़ने पर पूरी व्यवस्था बिगड़ जाती है। यह स्थिति मजदूरों की मजबूरी का फायदा उठाने जैसी है।
उन्होंने बेटी शालिनी सिंह के चुनाव लड़ने की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। पश्चिम बंगाल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पूर्व सांसद ने कहा कि वह जिम्मेदारी से बोलते हैं। उनके कथन का कोई आधार होगा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की टिप्पणी पर कहा कि किसी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने नदियों की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई। कहा कि पहले लोग नदियों में तैरना सीखते थे। अब पानी इतना प्रदूषित हो गया है कि नहाना भी कठिन है। उन्होंने बच्चों को जीवन में संतुलन बनाए रखने की सलाह दी। बच्चों ने शारीरिक प्रशिक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। इस मौके पर अयोध्या के साधु-संत आदि मौजूद रहे।