गोंडा। बहुचर्चित जमीन बैनामा घोटाले की जांच अब आयुक्त न्यायालय तक पहुंच गई है। देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी के पत्र पर फर्जीवाड़े के 14 आरोपियों व उनके 30 परिजनों से संबंधित मुकदमों की सरगर्मी से जांच चल रही है। बुधवार को अपर आयुक्त कार्यालय में ऐसे ही मुकदमों के अभिलेख खंगाले गए। मुकदमों की फाइलों की तलाशी के दौरान निगरानी के दो ऐसे मुकदमे मिले, मगर वह पहले ही खारिज हो चुके हैं।
अगस्त माह में उपनिबंधक सदर कार्यालय में जमीन के बैनामस में फर्जीवाड़े और घोटाले का मामला पकड़ा गया तो जांच में 47 मामले प्रकाश में आए। उपनिबंधक सुधा यादव की ओर से केस दर्ज कराने के बाद डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल के निर्देश पर मामले में तीन दर्जन केस दर्ज कराए गए हैं। इसकी जांच एसआईटी कर रही है।
पुलिस बैनामा घोटाले से जुड़े लोगों के संपत्तियों का ब्यौरा जुटा रही है, तो दूसरी ओर आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसने के लिए डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल ने अपर आयुक्त प्रशासन को पत्र भेजकर आरोपियों व उनके संबंधियों की ओर से दायर वादों की पहचान करने की अपेक्षा की है। डीआईजी ने पत्र में कहा है कि उपनिबंधक सदर कार्यालय में हुए फ्राड मामले में आवेदकों से पता चला कि फर्जी बैनामे के आधार पर कई प्रकार के वाद दाखिल किए गए हैं।
आरोपियों व परिजनों के मुुकदमों की तलाश
मुख्य आरोपी कोतवाली देहात के भदुवा तरहर निवासी बृजेश कुमार अवस्थी और उसके चार परिजन, कोतवाली नगर के मालवीय नग निवासी अनिल कुमार सिंह व उसके 13 परिजन, विष्णुपुरी कालोनी के राकेश कुमार त्रिपाठी, कोतवाली करनैलगंज के सकरौरा ग्रामीण निवासी महेंद्र प्रताप सिंह, परसपुर के ग्राम नंदौर की कलावती उर्फ पार्वती उर्फ ऊषा देवी उर्फ उमा देवी, करिश्मा सिंह एर्फ सपना उर्फ अंशिका उर्फ जुगनू, कानपुर के जाजमऊ की रहने वाली राज कुमारी, कोतवाली नगर के सिविल लाइन की कमलेश त्रिपाठी, परसपुर थाने के ग्राम खैरा वृंदावन निवासी सालिकराम सिंह (मृतक), सीतापुर के थाना संदना के ग्राम कुलचाई के ललितेश कुमार सिंह, गोंडा के धानेपुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी शिवम यादव, कोतवाली नगर के सिविल लाइन की ऊषा देवी, कोतवाली देहात की भदुवा तरहर की सरोज देवी और कोतवाली नगर के केशवपुर पहड़वा गांव के संतोषी के मुकदमों की तलाश शुरू हो गई है।
लंबित मुकदमों की तलाश
डीआइजी देवीपाटन परिक्षेत्र के पत्र के आधार पर न्यायालय में दाखिल, निस्तारित अथवा लंबित मुकदमों की तलाश की जा रही है। अब तक निगरानी के दो मुकदमे प्रकाश में आए हैं, जिसमें बृजेश कुमार अवस्थी बनाम सोनाक्षी श्रीवास्तव आदि अदम पैरवी व सालिकराम सिंह बनाम कलावती उर्फ पार्वती का भी मुकदमों निरस्त हो चुका है। राकेश चंद्र शर्मा, अपर आयुक्त देवीपाटन मंडल