विश्नोहरपुर/नवाबगंज। नवाबगंज के अंबरपुर निवासी इंटरमीडिएट के छात्र शिवा (17) की इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात अयोध्या मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। वह हादसे में घायल हो गया था।
पिता पंचमलाल ने बताया कि बेटा शिवा विपिन बिहारी इंटर कॉलेज रघुनाथपुर में 12वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने चचेरे भाई रॉकी के साथ शुक्रवार दोपहर बाइक से महंगूपुर स्थित एक बैंक में लोन की रकम जमा करने जा रहा था। विश्नोहरपुर के पास जेब से मोबाइल निकालते समय बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराने से शिवा व रॉकी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अयोध्या मेडिकल कॉलेज में दोनों का इलाज चल रहा था। देर रात शिवा की मौत हो गई। रॉकी का इलाज चल रहा है। पिता ने शनिवार को गांव के समीप खेत में बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया।
मातम में बदलीं शादी की खुशियां
शिवा आठ भाइयों में छठे नंबर पर था। अन्य भाई राजपाल, राहुल, रोहित, विकास, विशाल, समर व शनि हैं। पिता ने बताया कि अगले सप्ताह शिवा की चचेरी बहन की शादी है। परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी। शिवा की मौत से परिवार में मातम छा गया। मां सुमन देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।