गोंडा। जिले में इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शनिवार से कड़ी निगरानी व सख्त व्यवस्थाओं के बीच शुरू हो गईं। पहले दिन 88 विद्यालयों में विद्यार्थियों ने प्रयोगात्मक परीक्षा दी। 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं एक फरवरी तक आयोजित होंगी। जिलेभर में 350 परीक्षा केंद्रों पर प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी, वाइस रिकॉर्डर तथा निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इंटरमीडिएट स्तर पर भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भूगोल एवं गृह विज्ञान विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विशेष सतर्कता के साथ कराई जा रही हैं।
वहीं, हाईस्कूल स्तर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालयों में आंतरिक मूल्यांकन एवं प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर संपन्न कराई गई हैं। हाईस्कूल के परीक्षार्थियों को उनके प्रायोगिक अंक आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर ही प्रदान किए जाएंगे। (संवाद)