गोंडा। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत जिला विद्यालय निरीक्षक सभागार में शनिवार को आयोजित कॅरिअर गाइडेंस कार्यक्रम की बेस्ट प्रैक्टिस कार्यशाला के बाद चयन परिणाम घोषित कर दिए गए। इसमें 26 राजकीय जूनियर हाईस्कूल कॉलेजों के कॅरिअर गाइडेंस के नोडल अधिकारी व प्रधानाचार्य ने अपने कार्यों की प्रस्तुति दी। गतिविधियों व नवाचारों के मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का चयन किया गया।
राजकीय हाईस्कूल सिसई टिकरिया को प्रथम, लौव्वा टेपरा को द्वितीय, पीएमश्री फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज को तृतीय स्थान मिला। पहाड़ापुर को चौथा व मछलीगांव को पांचवां स्थान मिला। चार सदस्यीय मूल्यांकन समिति में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य गीता त्रिपाठी, राजकीय हाईस्कूल सिसई टिकरिया की प्रधानाध्यापक अमिता पांडेय व राजकीय हाईस्कूल पहाड़पुर की प्रधानाध्यापक आशा सिंह रहीं। समिति की ओर से विद्यार्थियों की सहभागिता, कॅरिअर मार्गदर्शन गतिविधियों की गुणवत्ता, अभिभावक एवं स्थानीय संसाधनों की भागीदारी तथा नवाचारों को मुख्य आधार बनाया गया। इस दौरान जिला समन्वयक उत्तम कुमार मल्ल, पंख कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अमित पांडेय आदि मौजूद रहे।