गोंडा। सड़क दुर्घटना में घायल हुए दरोगा की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के विश्नोहरपुर गांव निवासी विक्रम सिंह (57) संत कबीर नगर के थाना घनघटा में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। तीन दिन की छुट्टी पर अपने घर आए थे। विक्रम सिंह ने अपना एक घर अयोध्या मार्ग पर नगवा मोड़ के पास में भी बनवाया है।
जहां पर उनका परिवार रहता है। बीते रविवार की सायं वह सब्जी खरीदने के लिए नगवा मोड़ के पास सड़क पार कर रहे थे कि अचानक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो कर सड़क पर गिर गए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने उन्हें स्थानीय सीएचसी पर लेकर गए जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने रेफर कर दिया। परिवार वाले उन्हें अयोध्या के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र अमरदीप की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।