गोंडा। डीएम के निर्देश पर महिला व पुरुष अफसरों की टीम ने जिले में संचालित 17 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण कर संचालित व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को परखा। अलग-अलग टीमों ने विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षा, सुरक्षा, आवासीय सुविधाओं और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच पड़ताल कर छात्राओं से भी सीधा संवाद किया।
बेलसर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण खंड शिक्षाधिकारी सुशील कुमार सिंह व नूतन जायसवाल ने किया। जबकि रुपईडीह में खंड शिक्षाधिकारी शशांक सिंह एवं खंड विकास अधिकारी मोनिका पाठक ने व्यवस्थाओं को परखा। इटियाथोक में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार मिश्र और खंड शिक्षाधिकारी गीतांजलि ने निरीक्षण किया। इसी प्रकार अन्य सभी कस्तूरबा विद्यालयों में भी एक महिला और एक पुरुष अधिकारी की टीम ने निरीक्षण कर निर्धारित प्रारूप पर रिपोर्ट तैयार की।
बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रक्क्षांदा सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अभिलेख, छात्राओं की संख्या, शैक्षिक गुणवत्ता, हॉस्टल कक्षों की स्थिति, भोजन एवं स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, स्वास्थ्य परीक्षण, खेलकूद एवं मनोरंजन की सुविधाओं समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित कर विस्तृत चेकलिस्ट भरी गई।