गोंडा। कजरी तीज मेले को लेकर प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता। शुक्रवार को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कजरी तीज की तैयारियों को लेकर सरयू घाट का निरीक्षण किया। कहा कि घाट पर श्रद्धालुओं के समस्त सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करें। जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार व पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने सरयू घाट, नदी के भीतर बैरिकेडिंग, बैरियर लगाने, रैंप व सीढ़ियों के निर्माण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था व साफ सफाई का जायजा लिया। सरयू घाट पर श्रद्धालुओं के समस्त सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करने के लिए कहा।
एसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद एवं ग्रामीण क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मचारियों ने नदी एवं घाट के आसपास सफाई की। एएसपी शिवराज ने शहर के दुखहरणनाथ मंदिर एवं खरगूपुर के पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए पैदल आने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रूट भ्रमण, निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
स्नान पर्व पर आज जुटेंगे श्रद्धालु
करनैलगंज (गोंडा)। भादों माह में पड़ने वाले गंगा स्नान का आयोजन शनिवार को सरयू घाट पर होगा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करेंगे और मेले का आयोजन होगा। शुक्रवार को तैयारियां की गईं। शनिवार को भदईं गंगा स्नान पर्व पर सरयू घाट पर करीब पचास हजार श्रद्धालुओं के स्नान करने की संभावना है। उप जिलाधिकारी हीरालाल ने बताया कि स्नान पर्व को लेकर घाट पर साफ सफाई, नदी में बैरिकेडिंग का कार्य पूरा हो चुका है।
भौरीगंज व पसका घाट पर सफाई नहीं
परसपुर (गोंडा)। कजरी तीज पर भौरीगंज स्थित सरयू नदी व पसका के त्रिमुहानी घाट पर स्नान कर हजारों श्रद्धालु शिव मंदिरों पर जलाभिषेक करेंगे, लेकिन स्थानीय प्रशासन की तरफ से इन स्थानों पर साफ-सफाई नहीं कराई गई है। कांवड़िए भौरीगंज के पवित्र सरयू नदी व पसका त्रिमुहानी घाट पर उमड़ेंगे। भौरीगंज, पसका के साथ ही करनैलगंज स्थित सरयू नदी में जल भरते हैं। इसके बाद कांवड़िए रामनगर बाराबंकी स्थित लोधेश्वर महादेव, गोंडा के दुखहरन नाथ, खरगूपुर स्थित पृथ्वीनाथ व करनैलगंज के बरखंडी नाथ आदि शिव मंदिरों पर जलाभिषेक करेंगे। इसके अलावा सिंगरिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर शुभगनाथ, कंडरु का पुराना शिव मंदिर, कस्बा स्थित नर्वदेश्वर नाथ मंदिरों पर जलाभिषेक करेंगे।
29 को बंद रहेंगे मार्ग के किनारे के स्कूल
जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने बताया कि कजरी तीज के अवसर पर 30 अगस्त को स्थानीय अवकाश घोषित है। मेले में श्रद्धालुओं का आवागमन 29 अगस्त को सुबह से ही प्रारंभ हो जाएगा। भीड़ की वजह से 29 अगस्त को गोंडा की सीमा के अंतर्गत सड़क के किनारे स्थित सभी शिक्षण संस्थान तथा करनैलगंज, कटरा बाजार, हलधरमऊ एवं रुपईडीह में कावंड़ियों के मार्ग के किनारे स्थित विद्यालय बंद रहेंगे।
हाईवे पर भी प्रतिबंधित रहेगा यातायात
लखनऊ से आने वाले वाहनों को चचरी मोड़ करनैलगंज से डायवर्ट किया जाएगा। जिन वाहनों को अयोध्या, बस्ती, बलरामपुर, तरबगंज, नवाबगंज, उतरौला जाना है वह भौरीगंज से वाया परसपुर, बेलसर, तरबगंज, नवाबगंज के रास्ते जाएंगे। जिन वाहनों को बलरामपुर, श्रावस्ती व इटियाथोक की ओर जाना है, वह जरवल रोड से रिसिया मोड़ होते हुए बहराइच के रास्ते जाएंगे।
लखनऊ जाने वाले वाहन इसी मार्ग से वापस जाएंगे। सरयू घाट से लेकर झूलेलाल चौराहा बड़गांव तक एवं आर्यनगर से पृथ्वीनाथ मंदिर तक किसी भी प्रकार के वाहनों का मुख्य मार्ग पर आना प्रतिबंधित रहेगा। मनकापुर तिराहा से गुरुनानक चौक की ओर सभी प्रकार के वाहन के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। आंबेडकर चौराहे से गुरुनानक चौक मार्ग पर सभी वाहनों पर रोक है। झूलेलाल चौराहा बड़गांव से गुरुनानक चौराहा की ओर आने वाले समस्त वाहनों को अयोध्या, बहराइच बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पोस्ट ऑफिस चौराहे से आंबेडकर चौराहे की ओर कोई भी वाहन नहीं आएगा। उन्हें आईटीआई-चुंगीनाका की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मिश्रौलिया मारुति चौराहा से रोडवेज के वाहनों को छोड़कर समस्त वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
रोडवेज तिराहे से गुरुनानक चौक एवं एलबीएस चौराहे की ओर कोई भी वाहन नहीं जाएंगे। शहर के व्यापारियों को 28 अगस्त से 31 अगस्त के बीच दुकानों के बाहर सामान न लगाए जाने की अपील की गई है। शहर के लोगों को इस अवधि में अगर बहुत जरूरी न हो तो यात्रा न करने की अपील करते हुए जरूरत पड़ने पर डायवर्जन का पूरा ध्यान रखने को कहा गया है।