मुजेहना (गोंडा)। धानेपुर थाना क्षेत्र के राजापुर अकराम पुरवा में बुधवार दोपहर शादी में दावत खाकर लौट रहे आठ वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलकर मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने आरोपी चालक को दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई कर दी। नाराज लोगों को पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझाकर शांत कराया।
राजापुर अकराम पुरवा निवासी तुफैल की बेटी की बुधवार को शादी थी। गांव के ही शौकत अली का आठ वर्षीय बेटा हामिद दावत खाने गया था। दोपहर करीब दो बजे वह साइकिल से घर लौट रहा था। तुफैल के घर के पास ही हामिद ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आ गया। पहिये के नीचे आकर कुचलने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक भागने लगा तो लोगों ने दौड़ाकर दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
शौकत अली की सात बेटियां हैं। हामिद इकलौता बेटा था। वह मदरसे में कक्षा तीन की तालीम ले रहा था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी थानाध्यक्ष खुश मोहम्मद ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली कब्जे में लेने के साथ ही चालक नरेंद्र यादव निवासी मंशापुरवा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। चालक गन्ना लेकर तौल के लिए जा रहा था। तभी हादसे में मासूम की मौत हो गई।