गोंडा। देवीपाटन मंडल स्तर के कार्यालय के कर्मचारियों की अनुशासनहीनता और बिना सूचना के अनुपस्थिति पर आयुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने कड़ा रुख अपनाया है। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कहा कि कर्मचारियों की लापरवाही से शासकीय एवं जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सक्षम अधिकारी से अनुमति लिए बिना अवकाश पर नहीं रहेगा। अवकाश के दौरान संबंधित कर्मचारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि उसका कार्य किसके द्वारा देखा जाएगा। इसके लिए सहमति पत्र के साथ अवकाश प्रार्थनापत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आयुक्त ने बताया कि बिना स्वीकृति के अनुपस्थित रहने पर संबंधित कर्मचारी को कार्य प्रभावित होने, गोपनीयता भंग होने या दस्तावेजों के गायब होने की स्थिति में जिम्मेदार ठहराया जाएगा। इसके लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निर्देश दिया कि कर्मचारी अपने कार्य विभाजन के अनुसार ही कार्य करेंगे। पत्रावली प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपर आयुक्त (प्रशासन) के माध्यम से होगी। आवश्यकता पड़ने पर नए कार्य विभाजन आदेश भी जारी किए जाएंगे।