गोंडा। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एशियन गेम्स में पहलवान सुजीत कलकल के पदक जीतने पर बधाई दी। शनिवार को विश्नोहरपुर स्थित पैतृक आवास में जनता दर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि सुजीत तीन साल पहले भी पदक के दावेदार थे लेकिन उस समय उनके साथ अन्याय हुआ।
उन्होंने कहा कि उस समय कुश्ती महासंघ भंग था और एडहॉक कमेटी काम कर रही थी। सुजीत को ट्रायल का मौका दिए बिना बजरंग पूनिया को भेजा गया। बृजभूषण ने कहा कि सुजीत ने बाद में सरकार और कोर्ट का दरवाजा खटखटाया लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। बृजभूषण के अनुसार तीन साल का समय किसी खिलाड़ी के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। इस अवधि में कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर असर पड़ा।
बृजभूषण ने कहा कि अब सुजीत ने पदक जीतकर अपनी क्षमता साबित की है। इसके लिए उन्हें पूरे देश की ओर से बधाई मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष के विवाद के कारण कुश्ती को भी नुकसान हुआ और संभव है कि देश कुछ और पदकों से चूक गया हो। भारत-पाकिस्तान मैच पर उन्होंने कहा कि जब भी दोनों देशों के बीच मुकाबला होता है, हर देशवासी की इच्छा होती है कि भारत जीते। चाहे मुकाबला क्रिकेट, हॉकी या कुश्ती का हो।