इटियाथोक/मुजेहना। सड़क हादसे में घायल लोहशीशा गांव निवासी उमाशंकर शुक्ल (24) की बुधवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल दोस्त का जिले के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पिता बड़े बच्चा शुक्ल ने बताया कि बीते शुक्रवार की रात उमाशंकर गांव के ही अपने दोस्त सुधांशु द्विवेदी के साथ मोटरसाइकिल से धानेपुर के विशंभरपुर में एक बरात में शामिल होने के लिए निकले थे। विशंभरपुर के पास ही किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों किनारे गड्ढे में जा गिरे। रातभर दोनों गड्ढे में ही पड़े रहे। सुबह राहगीरों की सूचना पर धानेपुर पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजवाया, जहां से उमाशंकर को लखनऊ रेफर कर दिया।
परिजनों ने उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान बुधवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इससे उमाशंकर को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई रमाशंकर शुक्ल की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पिता संग खेती में बंटाता था हाथ
चार भाइयों जटाशंकर, रमाशंकर व कृपाशंकर में उमाशंकर दूसरे नंबर पर थे। वहीं एक बहन शुभी है। वह पिता व भाइयों संग मिलकर खेती में हाथ बंटाते थे। पिता बड़े बच्चा शुक्ल और मां उर्मिला व बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।