गोंडा। स्वस्थ जीवन के लिए योग जरूरी विधा है, यह जानते तो हैं लोग लेकिन योग का नियमित अभ्यास नहीं करते हैं। शहरों में योग के लिए सेंटर चलते हैं, कई संस्थाएं भी कार्य कर रही हैं लेकिन गांवों तक योग विधा नहीं पहुंच पा रही है। करनैलगंज के गांवों में योग अभ्यास से आम लोगों को जोड़ने की पहल पूर्व बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह ने की है।
सप्ताह भर से चल रहे योग शिविर का समापन बुधवार को होगा और अब तक करीब 400 लोग प्रशिक्षण में नियमित अभ्यास से योग की अहम अभ्यास सीख चुके हैं। अब प्रशिक्षण हासिल कर चुके लोग अपने गांवों में लोगों के अभ्यास करेंगे और ऐसे ही अभ्यास की पहल से हर गांव को जोड़ा जाएगा। किसान इंटर कॉलेज भंभुवा के परिसर में सुबह 7 बजे से होने वाले शिविर में छह बजे से ही लोगों का पहुंचने शुरू हो जाता है। योग का प्रशिक्षण देने के लिए परमार्थ आश्रम हरिद्वार से आए स्वामी निरंजन योगी ने बुधवार को योग कराने से माहौल तैयार करने के लिए भजन कराया और फिर डेढ़ घंटे तक लोगों ने अभ्यास किया। 12 सितंबर से लगातार अभ्यास लोग कर रहे हैं। इसी तरह दूसरी पाली में महिलाओं और बेटियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें करीब 165 महिलाएं प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।