गोंडा। आयुक्त देवीपाटन मंडल महेंद्र कुमार ने गांधी पार्क में बुधवार को आयोजित दो दिवसीय उद्यम समागम ओडीओपी, खाद्य प्रंसस्करण प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उद्यम समागम के माध्यम से जिला प्रशासन और उद्योग विभाग ने उद्योग स्थापना के प्रति जागरूकता लाने के लिए जनपदवासियों को एक अच्छा अवसर दिया है। आमजन इससे प्रेरित होकर जनपद में उद्योगों की स्थापना कर दूसरों को भी रोजगार देने के लिए प्रेरित करें।
आयुक्त ने कहा कि गोंडा के आस-पास के जनपदों में जिस तरह से उद्योगों की स्थापना हुई है। उस दृृष्टि से गोंडा में उद्योगों की स्थापना न होना ठीक नहीं है। गोंडा गन्ना उत्पादन का इतना विकसित क्षेत्र होने के बाद भी गुड़ की औद्योगिक इकाइयां तक स्थापित न होना यह दर्शाता है कि उद्योगों की स्थापना में और अधिक प्रेरित होने की जरूरत है, क्योंकि यहां पर उद्योगों की स्थापना के लिए अधिक संभावनाओं के साथ ही साथ लोगों में जज्बा भी है। यहां पर गन्ने से संबंधित विभिन्न उद्योग लगने के साथ ही परंपरागत चीजों से हटकर उद्योग स्थापना की बहुत संभावनाएं हैं।
लोग अपनी मानसिकता बदलकर उद्योगों की स्थापना में अपनी अहम भूमिका अदा करें। कहीं यह न होने पावे कि गन्ना क्षेत्र होने के कारण आवश्यकतानुसार आमदनी से उद्योगों की स्थापना की चाहत न हो, लेकिन यह ठीक नहीं है। उन्होंने जनपदवासियों एवं उद्यमियों विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे इस उद्यम समागम का लाभ उठाकर उद्योगों की आधिकारिक स्थापना में अपनी चाहत जगाकर अग्रणी भूमिका निर्वाह करें। इस समागम समारोह को निदेशक एमएसएमई आई प्रयागराज, संयुक्त निदेशक उद्योग तथा जीएम डीआईसी ने भी संबोधित किया।
मुख्य विकास अधिकारी आशीष कुमार ने आयुक्त का स्वागत किया। इस अवसर पर आयुक्त ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टाल का भी अवलोकन किया तथा जिला प्रशासन व उद्योग विभाग के प्रयासों की सराहना भी की। इस दौरान सहायक निदेशक रेशम, जिला कृषि अधिकारी, एलडीएम, पीओ डूडा, डीपीएम, नाबार्ड के प्रतिनिधि सहित उद्यमी व अन्य उपस्थित रहे।