गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में प्रश्नोत्तरी में सही जवाब देने वाली छात्रा को सम्मानित करते सेना
गोंडा। श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी में भारतीय वायुसेना नई दिल्ली की ‘दिशा स्किल टीम’ के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। छात्रों को वायुसेना में कॅरिअर के अवसरों, भर्ती प्रक्रिया व अधिकारी बनने की तैयारी की जानकारी दी गई।
टीम के प्रभारी विंग कमांडर मनीष वर्मा का स्वागत प्रधानाचार्य मेजर डॉ. राजेश द्विवेदी ने किया। प्रोजेक्टर के माध्यम से टीम ने फाइटर व परिवहन विमानों सहित वायुसेना की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। विंग कमांडर ने बताया कि चयन बोर्ड में साक्षात्कार, समूह परीक्षण व व्यक्तित्व मूल्यांकन की भूमिका अहम होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और अकादमिक तैयारी पर विशेष ध्यान देने के टिप्स दिए। प्रश्नोत्तर सत्र में साहिबे आलम हैदर अली, रितेश तिवारी, वर्तिका और ऋतु शुक्ला को सम्मानित किया गया। इस दौरान रामचंद्र पांडेय, जीएस मिश्र, महेशचंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे। (संवाद)