करनैलगंज। सरयू नदी पर बने संजय सेतु से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक से क्षेत्र में महंगाई बढ़ गई है। आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई महंगी होने से गिट्टी, मौरंग, सब्जी, फल और अन्य सामान के दाम बढ़ गए हैं। सोमवार को गिट्टी और मौरंग के दाम में करीब 10 रुपये प्रति फिट की बढ़ोतरी देखी गई।
थोक विक्रेता राजेश सिंह के अनुसार, रविवार तक मौरंग 65 से 67 रुपये प्रति फिट बिक रही थी, जो अब 75 से 78 रुपये प्रति फिट हो गई है। गिट्टी के दाम भी 1500 रुपये प्रति टन से बढ़कर करीब 1650 रुपये प्रति टन हो गए हैं।
सब्जी आढ़ती सदरुद्दीन, जमील अहमद, निजामुद्दीन, दस्तगीर, धर्मराज मौर्य, शेष और अनिल ने बताया कि आलू के दाम 600 से 700 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर करीब 800 रुपये तक हो गए हैं। प्याज के दाम में भी करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है।
ट्रांसपोर्ट कारोबारी ध्रुव कुमार तिवारी ने बताया कि लखनऊ से करनैलगंज या गोंडा तक 50 किलो के एक नग का भाड़ा पहले 90 रुपये था, जो अब 40 रुपये बढ़ गया है। राशन विक्रेता अशोक सिंघानिया, अंकित सिंघानिया, इंद्रजीत सिंह और प्रमोद कुमार ने भी भाड़ा बढ़ने से दाम में इजाफे की बात कही है।