करनैलगंज। एसपी विनीत जायसवाल ने मंगलवार को कोतवाली परिसर में स्थापित परिवार परामर्श केंद्र और मिशन शक्ति केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। एसपी ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को परामर्श, कानूनी सहायता और जागरूकता कार्यक्रम की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल, एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय, सीओ राजेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक अरविंद कुमार और केंद्र प्रभारी उप निरीक्षक खुशबू श्रीवास्तव व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मसकनवा संवाद के अनुसार, मां गायत्री इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग पैरामेडिकल साइंसेज चांदनी चौक में मंगलवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने कहा कि किसी परेशानी पर तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दें। चेयरमैन डॉ. विजय बहादुर सिंह ने नारी शक्ति के जागरूक होने की आवश्यकता बताई।
वजीरगंज संवाद के अनुसार, एंटी रोमियो टीम ने जगमोहन सिंह बालिका इंटर कॉलेज करदा में छात्राओं को मिशन शक्ति 5 अभियान की जानकारी दी।
सात शोहदों को रेडकार्ड जारी
पसका। मिशन शक्ति अभियान के तहत भौरीगंज मोड़ पर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी के नेतृत्व में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। ट्रिपल राइडिंग, रेस ड्राइविंग व बिना हेलमेट के 50 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। सात शोहदों को रेडकार्ड देकर चेतावनी दी गई। पांच चारपहिया वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई। (संवाद)