लोकतंत्र के उत्सव में मतदान करने में आधी आबादी ने खूब जोश दिखाया। तरबगंज तहसील के नवाबगंज, वजीरगंज, तरबगंज व बेलसर ब्लॉक क्षेत्र में गुरुवार को पंचायत चुनाव के लिए हुए मतदान में सबसे अधिक महिलाओं की भागीदारी दिखी। बनघुसरा ब्लॉक पर सुबह से ही महिलाओं की लंबी लाइन लगी दिखी।
पिपरी गांव के पंचायत भवन में महिलाओं ने घूंघट की आड़ में मतदान किया। नवाबगंज ब्लॉक के ग्राम तुलसीपुर माझा मतदान केंद्र पर भी महिलाओं की भारी भीड़ जुटी रही।
यहां अलग-अलग तीन महिलाएं दोहरी जिम्मेदारी एक साथ निभाते हुए दिखाई पड़ीं। इन महिलाओं ने अपने दुधमुंहे बच्चों को गोद में लेकर वोट डालने की अपनी जिम्मेदारी पूरी की। घर पर मासूम बच्चों को छोड़ आतीं तो वे परेशान होते और बच्चों को घर पर ही लिये बैठी रहतीं तो वोट डालने से महरूम रह जातीं।
ऐसे में यह महिलाएं ने अपने बच्चों को गोद में लेकर मतदान करने पहुंचीं। उधर, नवाबगंज के कोल्हमपुर बिसेन में मतदान के लिए महिलाओं की लंबी लाइन लगी रही।
गांव की सरकार बनाने में युवाओं ने भी अपनी भागीदारी निभाई। पंचायत चुनाव में खासकर पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदाताओं में काफी जोश दिखा। वजीरगंज ब्लॉक के बनघु़सरा मतदेय स्थल पर पहली बार वोट डालने के बाद युवा मतदाताओं की खुशी छिप नही रही थी।
पहली बार वोट डाले वाले युवाओं ने मतदान करने के बाद अमर उजाला से अपने मन की बात साझा की। बनघुसरा गांव की संजू ने बताया कि पहली बार मतदान करने पर बहुत खुुशी हुई। पूनम ने कहा कि मैंने अपनी समझ से ईमानदार उम्मीदवार को वोट दिया है।
ज्योति ने बताया कि मैंने तो वोट दे दिया है अब उम्मीदवार को चाहिए कि वे अपने वादे को पूरा करते हुए गांव का विकास कराएं। मीना व दिलीप ने कहा कि युवा व पढ़े लिखे लोगों को पंचायत चुनाव में हिस्सा लेना चाहिए।
वजीरगंज के अशोकपुर टिकिया बूथ पर पहली बार वोट डालने आयीं कोमल, खुशबू, सुमन ने भी खुशी जताई। तरबगंज क्षेत्र के चांदपुर बूथ पर पहली बार वोट डालने के बाद रूबी तिवारी, रिंकी सिंह, प्रीति सिंह का कहना था कि पहली बार पंचायत चुनाव में मतदान करने पर खुशी हुई है। हम चाहते हैं कि उम्मीदवार क्षेत्र के विकास कार्य में रुचि लें।