बेलसर। कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर बयान देकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में वह और उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह दोनों भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे और जीतकर एकसाथ लोकसभा पहुंचेंगे।
बेलसर स्थित एक कॉलेज में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के दौरान पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने बांग्लादेश मामले पर भी अपनी राय जाहिर की। कहा कि बांग्लादेश का हाल देखकर खून खौल उठता है। भारत सरकार कार्रवाई कर रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि वह अगला लोकसभा चुनाव हर हाल में लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने उस समय यह स्पष्ट नहीं किया था कि वह किस लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा था कि जहां के लोग अपने जनप्रतिनिधि से असंतुष्ट होंगे, वह उनका प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा था, ‘दुनिया की कोई ताकत हमें चुनाव लड़ने से रोक नहीं पाएगी। हमें चुनाव कोई और नहीं, बल्कि कार्यकर्ता लड़वाएंगे। हम किस पार्टी से और कहां से चुनाव लड़ेंगे, यह छह माह पहले बताएंगे।’
अब करण भूषण सिंह के ताजा बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज हो गया है। सवाल उठ रहे हैं कि पिता-पुत्र दोनों आखिर किस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे और भाजपा के भीतर यह समीकरण कैसे साधा जाएगा कि दोनों एकसाथ लोकसभा पहुंच सकें।