गोंडा। पुलिस लाइन सभागार में रविवार को आयोजित कोरोना वॉरियर्स सम्मान समारोह में कोरोना कॉल में वारियर्स की भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन रेंज गोंडा डॉ. राकेश सिंह रहे।
पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन रेंज व पुलिस अधीक्षक ने कर्तव्य के दौरान कोरोना संक्रमित होने के बाद दोबारा अपने कर्तव्यों का निर्वहन के साथ-साथ संक्रमण के दौरान अपने परिजनों के साहस को भी बंधाये रखने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में कोरोना वारियर्स सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम, प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज संतोष कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह आदि ने संक्रमण काल के दौरान मिले अपने अनुभवों को पुलिसकर्मियों के बीच साझा किया।
पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन रेंज तथा पुलिस अधीक्षक ने वर्तमान में कोरोना संक्रमण के चलते सभी पुलिसकर्मियों से मास्क लगाने व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने एवं आम लोगों में भी अनुपालन कराए जाने का निर्देश दिया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी करनैलगंज मुन्ना उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी मनकापुर संजय तलवार, प्रभारी निरीक्षक खरगूपुर अशोक कुमार, प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह, पीआरओ पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार व अन्य कोरोना वारियर्स एवं पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।