फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इलाज में लापरवाही पर गिरेगी गाज : कमिश्नर

Wed, 05 Aug 2015 09:56 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
देवीपाटन मंडल के नवागत आयुक्त मुरलीधर दुबे ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। टीकाकरण कक्ष पहुंचने पर पता चला कि दिनभर में महज एक ही टीकाकरण हुआ है। इस पर नाराज आयुक्त ने मौके पर ही देवीपाटन मंडल के अपर निदेशक को मामले की जांच कर दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
विज्ञापन


जबकि अस्पताल में वाहनों की पार्किंग और साफ-सफाई व्यवस्था पर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमएस को इसमें सुधार का निर्देश दिया। वहीं, अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए जल्द से जल्द डिजिटल एक्सरे मशीन लगवाने के भी उन्होंने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान आयुक्त तमाम खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने सीएमएस को निर्देशित करते हुए डॉक्टरों को वही दवाएं लिखने को कहा, जो अस्पताल में हैं। साथ ही अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों से सामंजस्य रखते हुए उन्हें बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


अस्पताल परिसर में वाहनों की बेतरतीब पार्किंग पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसके लिए अलग से व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जबकि अस्पताल में गंदगी मिलने पर उन्होंने इसमें सुधार की हिदायत दी। आयुक्त ने एक-एक वार्ड में जाकर मरीजों से अस्पताल से मिलने वाली सेवाओं की जानकारी हासिल की।

इस दौरान उन्होंने औषधि भंडार कक्ष, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन व मरीजों को अस्पताल से मिलने वाली ईसीजी सुविधा की भी जानकारी ली। पता चला कि अस्पताल में अपराह्न पौने दो बजे तक कुल 890 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच अलग-अलग डॉक्टरों ने की है। जबकि 30 मरीजों को भर्ती करके इलाज किया जा रहा है।

आयुक्त ने सीएमएस डॉ. आशुतोष गुप्ता को यथाशीघ्र अस्पताल में डिजिटल एक्सरे के लिए मशीन लगवाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने डॉक्टरों को चेतावनी दी कि यदि कोई भी मरीजों के इलाज में लापरवाही करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही कहा कि, यदि किसी सरकारी डॉक्टर के प्राइवेट प्रैक्टिस करने की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर उनके साथ अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. उमाकांत वर्मा के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें