देहात कोतवाली में निरीक्षण करते डीआईजी अमित पाठक। स्रोत: विभाग
गोंडा। डीआईजी अमित पाठक बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एकाएक देहात कोतवाली पहुंचे तो चंद मिनटों में ही वहां का नजारा बदल गया। पुलिसकर्मी सब-कुछ दुरुस्त दिखाने के लिए जुट गए। डीआईजी ने सबसे पहले थाना कार्यालय का जायजा लिया। जनसुनवाई रजिस्टर की जांच की। रजिस्टर अपडेट नहीं मिला तो जिम्मेदार पुलिसकर्मी बगले झांकने लगे।
डीआईजी अमित पाठक ने कहा, जनसुनवाई रजिस्टर बेहतर तरीके से तैयार किया जाए। इसमें फरियादी का नाम, पता, मोबाइल नंबर समेत कार्रवाई का विवरण स्पष्ट तौर पर होना चाहिए। उन्होंने मालखाना, शस्त्रागार, शौचालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर अपराध हेल्प डेस्क आदि का निरीक्षण किया गया। परिसर में गंदगी देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने पैदल गश्त और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। भवन और परिसर की साफ-सफाई के लिए डीआईजी ने कड़ी हिदायत दी है। कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। जिस थाने से अधिक शिकायतें आएंगी, वहां के थाना प्रभारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि निरीक्षण के समय देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह अवकाश पर थे। अधीनस्थ ही थाने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।