देहात कोतवाली में जनसमस्याओं की सुनवाई करते एसपी विनीत जायसवाल। स्रोत: पुलिस
गोंडा। साहब, सेना में सूबेदार था, सेवानिवृत्त हो गया। वर्ष 1994 में नगर कोतवाली क्षेत्र के बरियार पुरवा खैरा बड़गांव में एक जमीन का बैनामा कराया था। सोचा था मकान बनवाकर परिवार के साथ सुकून से रहूंगा। एक कमरा ही बन पाया था, बिजली कनेक्शन लेकर रहने लगा। जमीन का दाखिल खारिज कराने के लिए फाइल तहसीलदार सदर के यहां लंबित है, लेकिन दाखिल खारिज नहीं हो पाया।
यह पीड़ा बरियारपुरवा खैरा निवासी सूबेदार महेश कुमार दीक्षित ने नगर कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में सुनवाई कर रहीं एसआई अर्पिता यादव को सुनाई। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से बातचीत करके निस्तारण कराने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा देहात कोतवाली में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शिकायतें सुनीं। यहां 12 प्रार्थनापत्र आए। इनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। नौ शिकायतों के लिए राजस्व व पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। करनैलगंज कोतवाली, इटियाथोक, खरगूपुर, धानेपुर, मोतीगंज समेत 17 थानों में सुनवाई की गई।
नहीं हो रही कार्रवाई
देहात कोतवाली में पूरे तिवारी निवासी किरण मिश्रा बताया कि उनके खेत के बगल विपक्षी का खेत है। वह जबरन उनके खेत में कब्जा कर रहे हैं। मना करने पर मारपीट पर आमादा हैं। इसके पहले भी शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पक्की सड़क पर कर रहे कब्जा
देहात कोतवाली के लक्ष्मनपुर जाट धोबियनपुरवा निवासी राज कुमार व धनीराम चौधरी ने बताया कि लखनऊ संपर्क मार्ग से गांव की ओर जाने वाली पक्की सड़क पर कुछ लोग दीवार का निर्माण कर रहे हैं। इससे वाहनों के आने जाने का रास्ता बंद हो जाएगा।