बभनान। जेवर भरा बैग लूटने के प्रयास में सराफ को गोली मारने के मामले में शनिवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि सराफ समर कसौंधन को गोली मारने के आरोपी विवेक वर्मा निवासी सिसई रानीपुर थाना छपिया व अनुराग पांडेय उर्फ शिवम निवासी मटियरिया थाना खोड़ारे को सकदरपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बीते रविवार की शाम उन्होंने दो साथियों के साथ दो बाइकों से पीछा करके सराफ से बैग लूटने का प्रयास किया था। छीनाझपटी के दौरान वह बैग छोड़ नहीं रहा था, इसलिए तमंचे से उसे गोली मार दी थी। लोगों को आता देख वह सभी भाग निकले थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि दो अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (संवाद)