मुजेहना। पत्नी पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर पति को चाकू मारकर घायल करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने छह से अधिक लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से रायबरेली का रहने वाला मजदूर अपनी पत्नी के साथ एक मोहल्ले में रहता था। सोमवार सुबह जब उसकी पत्नी शौच के लिए गई थी, तब वहां मौजूद कुछ युवकों ने उस पर अश्लील टिप्पणी की।
पत्नी ने इसकी जानकारी पति को दी। इसके बाद वह आरोपी प्रदीप, अजय और राजन सोनी से विरोध जताने पहुंचा। इस पर आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया और मजदूर की पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मजदूर पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि घायल मजदूर को सीएचसी मुजेहना में भर्ती कराया गया है। उसकी तहरीर पर प्रदीप, अजय, राजन, प्रहलाद, अनिल और तीन-चार अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़, एससी-एसटी एक्ट व मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रदीप, अनिल व अजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।