झंझरी। गोंडा-बेलसर मार्ग पर लौवाटेपरा के पास बृहस्पतिवार शाम कार की टक्कर लगने से ई रिक्शा पलट गया। हादसे में ई रिक्शा सवार दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
बड़गांव निवासी अलादीन (50) पत्नी सलमा खातून (45), पुत्री रुकसाना बानो (22) और भतीजे रहमान (4) के साथ ई रिक्शा से बेलसर बाजार निवासी रिश्तेदार जब्बार के घर एक कार्यक्रम में जा रहे थे। गाेंडा-बेलसर मार्ग पर लौवाटेपरा के पास सामने से आ रही कार से ई रिक्शे में टक्कर लग गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचाने पर अलादीन की मौत हो गई। अन्य का इलाज चल रहा है। कोतवाल देहात शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)