गोंडा। स्टाफ नर्सों को नियुक्ति पत्र देने में 50 हजार वसूली मामले में आरोपी एनएचएम पटल लिपिक को स्थानांतरित कर दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई। बता दें कि आरोपी लिपिक शशिकांत सिंह की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरीकृपाल पर तैनाती की गई है।
संविदा स्टाफ नर्सों को नियुक्ति पत्र देने व प्रमाणपत्र सत्यापन के नाम पर वसूली का मामला सामने आया था। इस पर अमर उजाला में 50 हजार लाओ तब मिलेगा ज्वाइनिंग लेटर शीर्षक से प्रकाशित खबर में वसूली का खुलासा होने पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह की अगुवाई में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। जांच में एनएचएम लिपिक शशिकांत सिंह पर आरोप सही पाए जाने के बावजूद विभागीय मिलीभगत के चलते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
दोबारा प्रकाशित खबर में जांच में पाया गया दोषी, फिर भी नहीं हुई आरोपी लिपिक पर कार्रवाई शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने आरोपी लिपिक को सीएचसी पंडरी कृपाल पर स्थानांतरित कर दंडात्मक कार्रवाई के लिए निदेशक चिकित्सा एवं परिवार सेवाएं को संस्तुति भेजी है। एनएचएम के पटल का प्रभार कटरा बाजार सीएचसी के वरिष्ठ सहायक सरयू प्रसाद को सौंपा गया है। संवाद