आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां समाज में लोगों को स्वस्थ्य रखने एवं योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इन्हें मानदेय की जगह कर्मचारियों की तरह वेतन दिलाने के लिए वह प्रयास करेंगे। यह बात रविवार को सपूर्णानंद टाउन हाल में महिला आंगनबाड़ी संघ व विद्युत मजदूर पंचायत के जिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री पंडित सिंह ने कहीं।
इसके पूर्व विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व कर्मचारी नेता गिरीश कुमार पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. उमा सिंह के निर्देशन में छात्रा अंतिमा की अगुवाई में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
सम्मेलन में महिला आंगनबाड़ी संघ की प्रदेश महामंत्री नीलम पांडेय, जिलाध्यक्ष प्रेम कुमारी यादव सहित अन्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की पदाधिकारियों ने अपनी बात रखते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों व सहायिकाओं की समस्याओं से अवगत कराया।
राज्यमंत्री विनोद कुमार पंडित सिंह ने कार्यकर्त्रियों व सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में इनका योगदान सराहनीय है। वह इन्हें मानदेय की जगह कर्मचारियों की भांति वेतन दिलाने के लिए प्रयास करेंगे। डीएम अजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि उनके स्तर से जो भी समस्याएं हैं, उनके निराकरण जरूर होगा।
प्रांतीय महामंत्री प्रमोद कुमार सिंह ने आए हुए अतिथियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार डॉ. उमा सिंह ने किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी नरेंद्र सिंह सहित पावर कॉर्पोरेशन के कई अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सहायिकाएं व बिजली विभाग के दैनिक व संविदा मजदूर मौजूद रहे।