गोंडा के पीपल तिराहे के पास पिचकारी खरीदते लोग। -संवाद
गोंडा। रंगों के पर्व में पांच दिन बाकी हैं, लेकिन बाजार पर होली का रंग चढ़ने लगा है। पिचकारी व रंग-गुलाल की दुकानें सज गईं हैं।
होली के बाजार में इस बार इलेक्ट्रिक रैपिड फायर वाटर गन बच्चों को लुभा रही है। कलर स्मॉग तथा स्माॅग फाउंटेन जैसे तरह-तरह के गुलाल भी त्योहार को खास बनाएंगे। बच्चों को थ्रीडी, बार्बी डाॅल, स्पाइडर मैन तथा बटरफ्लाई पिचकारी भी आकर्षित कर रही हैं। रंगाें के त्योहार में चार चांद लगाने के लिए पहली बार बाजार में आया मैजिक ग्लास भी लोगों को काफी भा रहा है।
रंग-गुलाल व पिचकारी के विक्रेता पंकज ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष होली के सामानों में काफी विविधता देखने को मिल रही है। चार्जेबल इलेक्ट्रिक रैपिड फायर वाटर गन पहली बार बाजार में उतारी गई है। इस पिचकारी की कीमत 1500 से 2000 रुपये प्रति पीस है। इसमें रंग भरने के बाद ट्रिगर दबाते ही 15 से 20 फीट दूर खड़े लोग रंग से सराबोर हो जाएंगे।
सिर में बांधने वाली योगी-मोदी की पट्टी व मुखौटे युवाओं को पसंद आ रहे हैं। इसमें बीच में अयोध्या के श्रीराम मंदिर का चित्र आकर्षण का केंद्र है और यह प्रति पीस 10 रुपये में उपलब्ध है। राहुल ने बताया कि इस बार तरह-तरह के माॅस्क व विग भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। बच्चों को जहां शेर, कंकाल व स्पाइडरमैन वाले मास्क पसंद आ रहे हैं। वहीं, रंग-बिरंगे बाल, मास्क, चश्मे, बैंड की भी खूब बिक्री हो रही है।
सामान्य पिचकारी से अलग हटकर हथौड़ा, कुल्हाड़ी, बाहुबली व मछली के शेप वाली पिचकारी लोगों को खूब भा रही है। यह 200 से 250 रुपये तक में बिक रही है।