गोंडा। कूकनगर ग्रंट के शंकर नगर चौराहे के पास मंगलवार की दोपहर उचक्कों ने एक बाइक की डिग्गी से एक लाख 20 हजार रुपये पार कर दिए। मेडिकल स्टोर पर रुपये निकालने के लिए कार्ड स्वैप करके वापस लौटे बाइक सवार युवक ने जब बाइक की डिग्गी खुली देखी तब उसे चोरी का पता चला। मामले में थाना खोड़ारे में उचक्कों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
थाना खोड़ारे क्षेत्र के कूकनगर ग्रंट के मजरा खैंड़ारी हनुमानडीह के रहने वाले सियाराम ने बताया कि मंगलवार को नया ट्रैक्टर खरीदने के लिए वह अपने पिता रामबोध के साथ बाइक से बभनान बाजार बस्ती में स्थित यूनियन बैंक आया था। यहां से एक लाख बीस हजार रुपये निकालने के बाद उसे बाइक की डिग्गी में रख दिया।
इसके बाद उसे पता चला कि ट्रैक्टर के लिए और दस हजार रुपये जमा करना होगा तो वह दस हजार रुपये लेने के लिए पास के एक मेडिकल स्टोर पर गया था। जबकि उसके पिता रामबोध बाइक से कुछ दूरी पर चाय पी रहे थे।
मेडिकल स्टोर पर स्वैप मशीन से दस हजार रुपये निकालने के बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक की डिग्गी खुली थी और रुपये चोरी हो चुके थे। सियाराम ने बताया कि बाइक की डिग्गी से रुपये उचक्कों ने उड़ाए हैं।
सियाराम की सूचना पर डायल 112 समेत थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सियाराम ने थाना खोड़ारे में उचक्कों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक खोड़ारे महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।