बेलसर। उपकेंद्र शुक्लगंज और ढोढेपुर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटने लगे हैं। बिजली विभाग की इस पहल से बच्चों और शिक्षकों के सिर पर मंडरा रहा खतरा दूर होने लगा है। शुक्लगंज क्षेत्र के आठ में से छह विद्यालयों से हाईटेंशन तारों को हटा दिया गया है। इससे शिक्षकों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।
अवर अभियंता अमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय मिर्जा पुरवा, गंगरौली, लिलोई खुर्द, लिलोई कला, कंपोजिट विद्यालय मुजेड़ और सुसुंडा से तार हटाए जा चुके हैं। जगतपुर और नीरपुर ख्याला में काम तेजी से चल रहा है। जेई ने शिक्षकों से अपील की है कि बरसात को देखते हुए बच्चों को बिजली के खंभों और अर्थिंग के तार से दूर रहने के लिए जागरूक करें।
शिक्षा क्षेत्र बेलसर के कुल 22 विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। 12 विद्यालयों से तार हटा दिए गए हैं। 10 विद्यालयों में अब भी खतरा बना है। इनमें प्राथमिक विद्यालय पाठक पुरवा, हर्षापुर, भटपुरवा, पीएमश्री स्कूल लौवा टेपरा, बेलसर, ठड़क्की पट्टी, धर्मसिंहा, इस्माइलपुर, भिखारीपुर कला और बरौली शामिल हैं। उपकेंद्र ढोढेपुर के अवर अभियंता चंदन प्रजापति ने बताया कि लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है। भटपुरवा से तार हटा दिए गए हैं और बाकी स्कूलों में काम चल रहा है। बीईओ नूतन जायसवाल ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा के लिए बिजली विभाग को पत्र भेजकर बचे हुए स्कूलों से प्राथमिकता के आधार पर तार हटाने को कहा गया है।