परीक्षा की तैयारी के बताए जाएंगे टिप्स, विशेषज्ञ दूर करेंगे परीक्षा का भय
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के मद्देनजर छात्रों के लिए सोमवार से एक हेल्पडेस्क शुरू की गई है। बोर्ड की ओर से टोल फ्री नंबर जारी करते हुए बताया है कि परीक्षार्थी सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अपने विषय और मनोवैज्ञानिक समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि हेल्प लाइन नंबर सभी परीक्षार्थियों को बताएं और मदद के लिए प्रेरित करें।
बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हो रही है, इसके डेढ़ महीने पहले ही हेल्पडेस्क सक्रिय की गई है। जिले के 149 परीक्षा केंद्रों पर 93 हजार विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा होनी है। बोर्ड के टोल फ्री नंबर 18001805310 और 18001805312 नंबर पर उपलब्ध कराए गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पहले परीक्षा के दौरान हेल्पलाइन चालू होती थी। डीआईओएस ने बताया कि इस बार डेढ़ महीने पहले ही हेल्प डेस्क शुरू किया गया है। बताया कि परीक्षाओं के दबाव में कई छात्र मनोवैज्ञानिक तौर पर परेशान हो जाते हैं। उन्हें नींद न आने, फेल होने की चिंता सताने और तनाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में छात्रों को हेल्प डेस्क लाइन से काफी मदद मिल सकेगी। इसके लिए बोर्ड मुख्यालय में विषय विशेषज्ञों के साथ ही मनोविज्ञान के दो काउंसलर भी मौजूद रहेंगे, जो तत्काल विद्यार्थियों की समस्या का समाधान करेंगे। यह हेल्पडेस्क 12 मार्च को परीक्षा समाप्त होने तक चालू रहेगी। जल्द ही मंडल मुख्यालय स्तर पर भी हेल्पडेस्क बनाने की तैयारी हो रही है। जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहायता हो सके।
-
परीक्षा के दौरान तनाव में रहते हैं परीक्षार्थी
राजकीय हाईस्कूल सोनौली मोहम्मदपुर के प्रधानाचार्य सत्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि बोर्ड परीक्षा से पूर्व परीक्षार्थी तनाव में आ जाते हैं। उनमें अध्ययन के लिए एकाग्र न हो पाना, परीक्षा से भय, अच्छे अंक न लाने का भय, परीक्षा से संबंधित दबाव आदि की समस्या आम रहती है। इससे विद्यार्थी परीक्षा में अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाते। ऐसे में हेल्प लाइन के माध्यम से उन्हें तनाव मुक्त करेंगे। अच्छे ढंग से वह परीक्षा की तैयारी कर सकें, इसके टिप्स भी बताए जाएंगे।