फोटो-13 गोंडा के अपर निदेशक कार्यालय पर समीक्षा बैठक करते एडी डॉ. एचडी अग्रवाल। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। स्वास्थ्य सेवाओं की मंडल स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य कड़े तेवर में नजर आए। मरीजों को मिलने वाली जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने में लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी तय कर, कार्रवाई करने की बात कहीं। आशाओं के भुगतान में देेेरी होने, एंबुलेंस सेवाओं के सत्यापन में लापरवाही मिलने, शिकायत निवारण समिति के सक्रिय न होने पर सीएमओ से जवाब मांगा।
बुधवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय पर एडी डॉ. एचडी अग्रवाल ने सभी सीएमओ व अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। गोंडा में आशाओं का भुगतान दूसरे मद में किए जाने का मामला सामने आया। सीएमओं को कारण स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया। लगातार शिकायत मिलने के बावजूद सीएचसी अधीक्षक डॉ. पूजा जायसवाल पर कार्रवाई न होने का कारण पूछे जाने पर सीएमओ डॉ. राधेश्याम केसरी ने बताया कि संबंधित मामले में उप जिलाधिकारी स्तर पर जांच चल रही है।
जिला स्तर पर बनी शिकायत निवारण समिति के सक्रिय न होने, एंबुलेंस सेवाओं के सत्यापन में लापरवाही सामने आने, पोर्टलों पर डेटा फीडिंग में शिथिलता बरतने आदि के मामले में फटकार लगाई। अपर निदेशक ने निर्देश दिया कि आशाओं के भुगतान से संबधित जानकारी सीएचसी स्तर पर बने सूचना बोर्ड में अंकित किया जाय। सीएमओ अपने स्तर से समस्याओं का निवारण करने का प्रयास करें। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अनिल मिश्र, एसीएमओ डॉ. एपी सिंह, चारो जनपदों के सीएमओ, एसीएमओ व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबधित अधिकारी मौजूद रहे।