गोंडा। केंद्र सरकार के आम बजट में लोगों की सेहत का भरपूर ध्यान रखा गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखने के साथ ही कैंसर व डायबिटीज के रोगियों के लिए दवाओं की कीमतों को कम करने का फैसला सीधा आम लोगों पर पड़ेगा। लखपति दीदी योजना को लेकर की गई पहल आधी आबादी को सशक्त बनाएगी। साथ ही जिले में बालिकाओं के लिए एक गर्ल्स हाॅस्टल बनाए जाने के निर्णय से बालिकाओं में खुशी की लहर है।
सिविल लाइंस स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर में रविवार को भूपेंद्र आर्य, विनोद शर्मा, चेलाराम चौरसिया के बीच बजट को लेकर चर्चा हो रही थी। हर किसी का अपना-अपना तर्क था। किसी का कहना था कि बजट में भविष्य का सुनहरा सपना है। कोई वर्तमान में कुछ न मिलने की बात कह रहा था। दवाएं सस्ती होने व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर किए गए प्रयास को सराहा गया।
एलबीएस चौराहे पर पंकज, राजन व सुशांत के बीच भी बजट को लेकर बहस चल रही थी। खेल सुविधाएं बढ़ाने के फैसले को पंकज सही ठहरा रहे थे। उनका कहना था कि सरकार का यह फैसला युवाओं को नई राह देगा। साथ ही खेल प्रतिभाओं की पहचान, कोच ट्रेनिंग और खेल विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास का फैसला काफी अहम है।
गायत्रीपुरम में भी बजट को लेकर लोग आपस में चर्चा करते नजर आए। बजट में महिलाओं को लेकर किए जा रहे प्रयास को सरिता तिवारी ने सराहनीय बताया। सोनी ने महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना को लेकर किए गए प्रयास की तारीफ की।
भाजपा कार्यालय में सुना गया केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण
भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण सुना गया। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बताते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने जनहितकारी करार दिया। कार्यक्रम के जिला संयोजक व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुपम प्रकाश मिश्र ने कहा कि बजट में पूर्वोत्तर राज्यों के विकास, शिक्षा के विस्तार, महिलाओं के उत्थान तथा छात्र–छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। कैंसर और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता कर आमजन को राहत दी गई है। पूर्व जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के शुभ अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि इस जनहितकारी बजट की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए, ताकि लोग सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ ले सकें। समापन पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ने किया, जबकि संचालन अभियान के सहप्रमुख विनय शर्मा ने किया। इस अवसर पर केके श्रीवास्तव, राजा बाबू गुप्ता, आशीष त्रिपाठी, राकेश तिवारी, राजेश रायचंदानी, नीरज मौर्य, विवेक श्रीवास्तव, विद्याभूषण द्विवेदी आदि मौजूद रहे।