यूपी के गोंडा में शनिवार को बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, उसका साथी और दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
बताया गया कि ग्राम पंचायत देवरिया कला के मजरा माथेडीहा निवासी अंकित चौरसिया (25) पुत्र राम नरायन अपने गांव के साथी अवनीश (20) के साथ महराजगंज-आर्यनगर मार्ग स्थित शिव कात्यायनी इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम देखने जा रहा था।
माथेडीहा मोड़ से मुख्य सड़क पर पहुंचे थे कि इसी समय महराजगंज की ओर से आ रहे ग्राम पंचायत महादेवा कला के मजरा चतुर्भुजवा निवासी इरफान (24) आ रहा था। दोनों की बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में तीनों घायल हो गए।
विज्ञापन
परिजन घायलों को स्थानीय सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद अंकित चौरसिया को मृत घोषित कर दिया। अवनीश और इरफान का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि मृतक अंकित ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।