बीएसए ने छेड़छाड़ के आरोप में जेल जाने वाले हेडमास्टर को गुरुवार को निलंबित कर दिया है। बीईओ रेहरा बाजार के निरीक्षण में बिना सूचना के स्कूल से गायब दो शिक्षकों को एक दिन का और सात दिनों से अनुपस्थित प्रशिक्षु शिक्षक का सात दिन का मानदेय रोक दिया गया है। उतरौला के बीईओ की शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र के आठ स्कूलों की क्रॉस चेकिंग में खामियां मिलने पर आठ हेडमास्टरों से जवाब तलब किया गया है।
बीएसए जय सिंह ने गुरुवार को बताया कि सदर शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय सिरसिया के हेडमास्टर धर्मेंद्र प्रताप सिंह को छेड़छाड़ व मारपीट करने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
जेल जाने वाले आरोपी हेडमास्टर धर्मेंद्र प्रताप को निलंबित कर दिया गया है। रेहरा बाजार शिक्षा क्षेत्र के बीईओ अनिल कुमार मिश्र ने बीते दिन प्राथमिक विद्यालय सेमरहा व पीएस रेहरा बाजार द्वितीय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सेमहरा स्कूल के सहायक अध्यापक विजय कुमार पांडेय व सुरभि बिना सूचना के गायब मिले।
दोनों शिक्षकों को एक दिन का वेतन काटने का निर्देश वित्त एवं लेखाधिकारी आनंद कुमार को दिया गया है। रेहरा बाजार द्वितीय के प्रशिक्षु शिक्षक अखिलेश मणि का भी बिना सूचना के सात दिनों से गायब रहने के आरोप में सात दिन का मानदेय काटने का निर्देश दिया गया है।
उतरौला शिक्षा क्षेत्र के बीईओ शत्रोहन सरोज से शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र के स्कूलों की 21 दिसम्बर 2015 को क्रॉस चेकिंग कराई गई। इस दौरान आठ स्कूलों में एमडीएम, बच्चों की कम उपस्थिति, रंगाई-पुताई, स्कूल परिसर में गंदगी व अन्य खामियां पाई गई।
खामियों के चलते प्राथमिक विद्यालय गुगौली कला के हेडमास्टर संतोष कुमार यादव, प्राथमिक विद्यालय हरैया प्रथम के इंचार्ज हेडमास्टर चंद्रशेखर सिंह, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय हरैया के हेडमास्टर मनोज कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय गुगौली के इंचार्ज हेडमास्टर वेदप्रकाश राठौर, प्राथमिक विद्यालय गुगौली खुर्द के हेडमास्टर दीपक कुमार शर्मा, प्राथमिक विद्यालय कमदा के इंचार्ज हेडमास्टर रामहेत और उच्च प्राथमिक विद्यालय कमदा के हेडमास्टर योगेन्द्र कुमार से जवाब तलब किया गया है।
एक सप्ताह में संतोषजनक जवाब न देने पर सभी हेडमास्टरों को निलंबित करने की चेतावनी दी गई है।