गोंडा। ज्येष्ठ माह के पांचवें और अंतिम मंगलवार को जिले भर में भंडारे व प्रसाद वितरण की धूम रही। मंगलवार को संकटमोचन भगवान बजरंगबली की पूजा अर्चना के साथ जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। प्रसाद वितरण किया गया। मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही। पूजन-अर्चन का यह सिलसिला पूरे दिन चला।
जिले के प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी मंदिर, पूरे ललक स्थित बालाजी मंदिर, धानेपुर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर समेत जिले के विभिन्न हनुमान मंदिरों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान बजरंगबली के दरबार में माथा टेका और उनकी पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। धानेपुर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर पर अखंड रामायण पाठ के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शहर के पंतनगर स्थित बीएसए कार्यालय, सिंचाई विभाग, जेल रोड, बड़गांव चौराहा, जिला अस्पताल , धानेपुर पावर हाउस तिराहा समेत कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन हुआ। स्टॉल लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया।
सत्य संस्था के रितेश यादव व गौरीशंकर चतुर्वेदी के नेतृत्व में भंडारे का आयोजन किया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी, अजय शंकर श्रीवास्तव, उपेंद्र वर्मा, अजय तिवारी, अशोक सिंह, धनलाल तिवारी, राम बहाल पांडेय, सुमित श्रीवास्तव उपस्थित रहे। सिंचाई विभाग के पास प्रेम सिंह, गुड्डू सिंह, रमेश, संतोष यादव, राजेंद्र शुक्ला, रज्जू तिवारी, सोनू सिंह ने प्रसाद वितरित किया। सुधा न्यूरो ट्रामा सेंटर में डॉ. सुजीत शुक्ल व डॉ. सुधा शुक्ला ने भंडारा आयोजित किया।
झंझरी के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आशीष मिश्र, सुमित भूषण ने भंडारा आयोजित किया। वहीं कुसमा अस्पताल पर रिंकू शुक्ल ने भंडारा आयोजित किया। शहर के पंतनगर स्थित बीएसए कार्यालय पर भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यालय के कर्मचारियों ने प्रसाद वितरण किया। पूरे ललक में नवनिर्मित बालाजी के मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर हनुमान जी की पूजा अर्चना की और वहां आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। धानेपुर के रामलीला मैदान स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में सुबह से ही जय बजरंगबली के जयकारों की गूंज रही और जय हनुमान ज्ञान गुण सागर के उद्घोष से परिसर गुंजायमान होता रहा। पूर्व प्रधान सालिकराम तिवारी की अगुवाई में आयोजित भंडारे में चना, पूड़ी और नुक्ती का वितरण किया गया। भंडारे में उमानाथ तिवारी, संदीप मिश्रा, थानेदार तिवारी, बालकराम तिवारी, अनिल वर्मा, राजेंद्र सैनी, अन्नू तिवारी, मनीष तिवारी, रवि जायसवाल, ध्रुव कुमार, संजय कुमार व गुड्डू कैटर्स ने जनसेवा की।
करनैलगंज के ठाकुर श्रीराम जानकी मंदिर बालकराम पुरवा में उपजिलाधिकारी हीरालाल ने प्रसाद वितरण किया। चांदनी ग्रुप फाउंडेशन की किन्नर गुरु चांदनी के साथ तमाम लोग मौजूद रहे। मनकापुर, खरगूपुर, मसकनवा, बेलसर, रुपईडीह, कटरा बाजार, परसपुर, इटियाथोक, वजीरगंज, नवाबगंज में भी भंडारा का आयोजन किया गया।