परसपुर (गोंडा)। इलाहाबाद बैँक के एक खातेदार के खाते से हैकर ने 1.88 लाख रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी खाताधारक को तब हुई जब वह बैँक से रुपये निकालने पहुंचा। खाताधारक ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की है।
परसपुर कस्बे के इलाहाबाद बैंक के समीप रहने वाले वहीद अख्तर पुत्र शमीम अहमद ने बताया कि उसका बैंक की शाखा परसपुर में खाता संचालित है। वहीद के मुताबिक गूगल-पे व फोन-पे ऐप से अक्सर अपने घर का टीवी रिचार्ज करता था। मगर इस ऐप से उसने कभी कोई लेन-देन नहीं किया। बताया कि 24 अगस्त को उसका मोबाइल फोन खराब हो गया था।
इसके बाद उसने मोबाइल बनने के लिए केयर सेंटर पर दिया था। जिसकी रसीद भी उसके पास थी। बताया कि उसके खाते से तीन दिवसों 24, 25 व 26 अगस्त को उसके खाते से 1.88 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसकी जानकारी उसे तब हुई जब वह बैँक से रुपये निकालने पहुंचा। वहीद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हैकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की है। एसपी ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी है।