रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का स्वागत करते शिक्षक व अन्य। स्रोत: सोशल मीडिया
गोंडा। राजस्थान के अजमेर में आयोजित अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मालवीयनगर की अंडर-19 टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। बृहस्पतिवार को गोंडा लौटने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र सिंह और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि कुमार शुक्ल ने बताया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से 23 से 27 अक्तूबर तक प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें गोंडा की टीम ने पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
विजेता टीम के कप्तान रुद्राक्ष पांडेय के साथ युवराज मिश्र, प्रतीक तिवारी, शिव प्रताप, सत्यम यादव, कुलदीप सिंह, अमित यादव, युवराज सिंह और विशेष समेत अन्य खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। टीम की सफलता में खेल प्रशिक्षक देवेंद्र कुमार मिश्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस उपलब्धि पर राजेंद्र सिंह खुराना, गौरव प्रताप सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, पंकज सोनी आदि ने खिलाड़ियों को बधाई दी।