गोंडा। कोयला मंडी में गोदाम में कम माल दिखाकर जीएसटी चोरी के मामले में जिले की भी एक फर्म शामिल है। नवाबगंज के कटरा के पास स्थित कोयला फर्म में एसआईबी की टीम ने जांच की है। जांच रिपोर्ट कार्रवाई के लिए वाराणसी भेजी गई है।
चंदौली में कोतवाली क्षेत्र मुगलसराय के चंदासी कोलमंडी में जीएसटी चोरी का बड़ा मामला करीब एक सप्ताह पहले सामने आया था। जहां दो फर्मों पर करीब पौने चार करोड़ की जीएसटी चोरी का आरोप है।
टीम ने चंदौली के अतिरिक्त वाराणसी, मऊ, गोंडा स्थित आठ ठिकानों पर छारा मारा था, जहां से कागजात व गोदाम में मौजूद स्टॉक के मिलान में गड़बड़ी मिली थी।
इस दौरान करीब 23 करोड़ का अतिरिक्त कोयला बरामद हुआ था। इस पर करीब साढ़े तीन करोड़ की कर चोरी की बात सामने आई।
वहीं दो अन्य गोदामों की जांच में भी करीब ढाई करोड़ का अतिरिक्त कोयला बरामद हुआ तो करीब 34 लाख की कर चोरी पकड़ में आई।
एसआईबी के उपायुक्त अमरजीत राम ने बताया कि गोंडा जिले में जांच के बाद सभी कागजात व रिपोर्ट वाराणसी भेज दिए गए हैं।