पसका। पानीपत में हुए सड़क हादसे में घायल गोंडा के एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। मधईपुर खांडेराय के मुसौली निवासी शुभम उर्फ कोमल (22) पानीपत में रहकर एक दुकान पर काम करता था।
परिजन राकेश कुमार ने बताया कि 27 मई को शुभम ममेरे भाई मुकेश के साथ बाइक से किराए के मकान की ओर जा रहा था, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। हादसे में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मुकेश को हल्की चोटें आईं।
घायल युवक को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव पैतृक गांव मुसौली लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इसके बाद भौरीगंज स्थित सरयू नदी तट पर अंतिम संस्कार किया गया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई विमल पानीपत में ही काम करता है, जबकि छोटा भाई शिवम गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा है। युवक की असमय मौत से मां पूनम, बहन अनुपम और रूमी सदमे में हैं।