मृतक युवक व मौजूद ग्रामीण व पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
नगवा गांव के मजरे गोसाई पुरवा निवासी 35 वर्षीय युवक का शव बृहस्पतिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी रामजग (35) बुधवार की रात करीब दस बजे घर से निकले थे। बृहस्पतिवार की सुबह मनकापुर-अयोध्या रेलखंड के दुल्लापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास उनका शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
मृतक की मां भिखना देवी ने बताया कि बेटे का गांव के पास की एक महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद में हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। सूचना पर आरपीएफ और पुलिस मौके पर पहुंची।
आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर राकेश राय ने बताया कि सुबह करीब सात बजे की-मैन सतीश ने ट्रैक पर शव पड़े होने की जानकारी दी थी। वहीं उपनिरीक्षक विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक पेशे से ट्रक ड्राइवर था और दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी रेनू देवी, बेटी कोमल (18), बेटा अभय (16) और प्रिंस (7) हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।